बेंगलुरु पुलिस ने 67 साल के पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया के घर से चोरी हुए ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य मेडल के साथ परिवार की पुश्तैनी तलवार भी बरामद कर ली है. करीब दो हफ़्ते पहले उनके घर में चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया था. बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह के दफ़्तर में पत्रकारों से बात करते हुए सोमैया ने कहा, "मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैंने एक बार फिर ओलंपिक मेडल जीता हो. यह वही मेडल था, जिसे मैं सबसे ज़्यादा क़ीमती मानता था." वह 1980 के मॉस्को ओलंपिक में जीते गए गोल्ड मेडल की बात कर रहे थे. उनके घर से आठ अंतरराष्ट्रीय मेडल चोरी हुए थे, जिनमें गोल्ड और सिल्वर मेडल शामिल थे. यह चोरी उस समय हुई, जब सोमैया और उनका परिवार कर्नाटक के कोडागु स्थित अपने घर गया हुआ था. परिवार 25 अक्तूबर को कोडागु के लिए रवाना हुआ था. सोमैया ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक के अलावा 1984 और 1988 के ओलंपिक में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था. सोमैया के घर से कौन-कौन से मेडल चोरी हुए थे? 1988 के ओलंपिक में वह टीम के कप्तान थे. वह 1985 में ढाका में हुए एशिया कप और 1988 में नैरोबी में हुए प्यूज़ो कप में भी भारतीय टीम के कप्तान रहे थे. इसके अलावा, उन्होंने 1988 में भारत-पाकिस्तान हॉकी सिरीज़ में भी टीम की अगुवाई की थी. सोमैया ने कहा, "क़रीब 11 दिन पहले मैंने अपने सभी मेडल खो दिए थे. मैंने इंदिरानगर पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत की थी. मैं पुलिस अधिकारियों का बहुत आभारी हूं. पहले ही दिन से उन्होंने भरोसा दिलाया था कि चोरी हुआ हमारा सारा सामान बरामद कर लिया जाएगा." उन्होंने कहा, "इन मेडल से भावनाएं, यादें और एहसास जुड़े हुए हैं. हम एक शौकिया खेल खेलते थे और हमें इससे ज़्यादा आर्थिक फ़ायदा नहीं मिलता था. हमने देश के लिए हॉकी खेली और ये मेडल हमें मिले सम्मान की निशानी थे." बरामद किए गए दूसरे मेडल में 1982 के एशियन गेम्स का सिल्वर मेडल, 1986 के सियोल एशियन गेम्स का ब्रॉन्ज़ मेडल, 1982 में एम्स्टर्डम में हुई चैंपियंस ट्रॉफ़ी का सिल्वर मेडल, इटली के लोयानो टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल और 1988 के सियोल ओलंपिक और 1984 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक के प्रतिभागिता मेडल शामिल हैं. इसके अलावा, गुरु गोविंद सिंह की 300वीं जयंती के समारोह का सिल्वर मेडल भी बरामद किया गया है. पुलिस ने चांदी से बनी पुश्तैनी तलवार और एक स्कूटर भी बरामद किया है. सोमैया के घर में चोरी के आरोप में गिरफ़्तार दोनों अभियुक्तों, माणिक्य और भरत को स्थानीय अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए उन्हें आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. 31 साल के माणिक्य पर कथित तौर पर 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें तमिलनाडु के आठ मामले भी शामिल हैं. उसके ख़िलाफ़ छह ग़ैर-ज़मानती वारंट हैं और तीन मामलों में उसे घोषित अपराधी बताया गया है. वहीं, 25 साल के भरत पर दो मामलों में शामिल होने का आरोप है. दोनों बेंगलुरु के रहने वाले हैं.
इटली के 6,300 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने क्या कहा - BBC News हिंदी
इटली के रोम, नेपल्स, मिलान, जेनोआ, विसेंज़ा, फ़्लोरेंस, पीसा और ट्रिएस्टे समेत कई शहरों के स्कूलों को ईमेल के ज़रिए धमकियां भेजी गईं. एहतियात के तौर पर कई इमारतों को ख़ाली कराया गया.




